सागवाड़ा। स्वायत्त शासन विभाग द्वारा 9 अप्रैल को सागवाड़ा नगरपालिका के तत्कालीन अध्यक्ष नरेंद्र खोड़नीय और उपाध्यक्ष राजू मामा शेख को निलंबित किए जाने के 21 दिन बाद गुरुवार को विभाग ने नया आदेश जारी कर दिया। इस आदेश के तहत भाजपा पार्षद नेता आशीष गांधी को सागवाड़ा नगरपालिका अध्यक्ष पद पर मनोनीत किया गया है। गांधी शुक्रवार को पदभार ग्रहण करेंगे।
आदेश मिलते ही शुभकामनाओं की शुरुआत
आदेश की सूचना मिलते ही आशीष गांधी ने पूर्व सांसद कनकमल कटारा से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद गांधी के निजी कार्यालय पर समर्थकों व भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यालय में करीब एक घंटे तक बधाई व स्वागत का सिलसिला चलता रहा।
भव्य स्वागत के साथ पहुंचे विधायक कार्यालय
गांधी आतिशबाजी और पुष्पवर्षा के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सागवाड़ा विधायक कार्यालय पहुंचे। वहां भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पटेल रणौली ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान कार्यालय परिसर में कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ देखी गई, जिससे आसपास ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बन गई।
भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की रही विशेष मौजूदगी
इस मौके पर पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष कुतुबुद्दीन कोठी, नगर अध्यक्ष यशवंत गवारिया, पूर्व प्रधान हितेश रावल, पार्षद हरीश सोमपुरा, संजय जैन, रेखा कटारा, मंगलेश वाड़ेल, विमल कलासुआ, करण हरिजन, महामंत्री कृष्णपाल सिंह, ओबीसी मोर्चा नगर अध्यक्ष विजय पंचाल, युवा मोर्चा के लक्ष्यराज शर्मा, नयन कटारा, विपुल पंचाल, कांतिलाल खटीक, नीरज पंचाल, प्रकाश खटीक, जगदीश मोची समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नगर में जश्न का माहौल
नगरपालिका अध्यक्ष पद पर आशीष गांधी की नियुक्ति से नगर में भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। कई जगह मिठाइयां बांटी गईं और कार्यकर्ताओं ने गांधी को फूलमालाओं से लाद दिया। पूरे आयोजन में अनुशासन और जोश का सुंदर मेल देखने को मिला।
मेरा सागवाड़ा ने एक दिन पहले ही बता दिया था
नरेंद्र खोड़नीय और राजू मामा गांधी को निलंबित करने के बाद मेरा सागवाड़ा ने सबसे पहले बता दिया था कि भाजपा पार्षद आशीष गांधी नए पालिकाध्यक्ष होंगे। 10 अप्रैल को प्रकाशित खबर पर मुहर उस समय लगी, जब स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक ने आशीष गांधी को पालिकाध्यक्ष का कार्यभार सौंपने के आदेश जारी किए।
वार्ड 21 के भाजपा पार्षद गांधी है।
स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक इंद्रजीत सिंह ने आदेश जारी किया। इसमें बताया कि पालिका के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को निलंबित करने के बाद अब वार्ड 21 से पार्षद आशीष गांधी को 60 दिन के लिए सागवाड़ा नगरपालिका अध्यक्ष का कार्यभार सौंपा जाता है। सरकार इस समयावधि को और आगे बढ़ा सकती है।