Banswara News: राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के अरथूना थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला को उसके पूर्व पति ने घर से अगवा कर लिया, बेरहमी से मारपीट की, बलात्कार किया और जान से मारने की नीयत से 30 फीट गहरे कुएं में धकेल दिया। यह वारदात गुरुवार रात को हुई, जबकि शुक्रवार सुबह खेतों की ओर जा रहे किसानों ने महिला की आवाज सुनकर उसकी जान बचाई।
थाना प्रभारी प्रकाश मीणा ने बताया कि महिला के सिर पर गंभीर चोट आई है। पीड़िता का कहना है कि उसके साथ बलात्कार हुआ है। महिला के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
नातरा प्रथा से जुड़ा मामला
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने कुछ साल पहले महिला से नातरा प्रथा के तहत विवाह किया था, जबकि वह पहले से शादीशुदा था और उसके चार बच्चे थे। आरोपी कुछ साल तक पीड़िता के साथ रहा और उनके दो बच्चे भी हुए। लेकिन चार महीने पहले महिला ने किसी और से नातरा विवाह कर लिया, जिससे आरोपी बौखला गया।
बीते कुछ दिनों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। गुरुवार रात आरोपी महिला के घर पहुंचा और जबरन उसे उठाकर सुनसान जगह ले गया। वहां उसने महिला के साथ मारपीट की, बलात्कार किया और फिर उसे कुएं में फेंककर फरार हो गया।
किसानों ने बचाई महिला की जान
शुक्रवार सुबह खेतों में जा रहे किसानों को महिला की चीखें सुनाई दीं। उन्होंने पास जाकर कुएं में झांका तो महिला पानी में पड़ी हुई थी। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से महिला को बाहर निकाला गया और परतापुर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
महिला ने अस्पताल में दिए बयान में पूर्व पति पर जान से मारने की कोशिश, बलात्कार और मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश की जा रही है।