राजस्थान में लोकसभा की 25 की 25 सीट जीतेगी भाजपा, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष बोले- डबल इंजन सरकार ने पेट्रोल किया सस्ता

उदयपुर/भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि चित्तौड़गढ़ ही नहीं राजस्थान की 25 की 25 सीट भाजपा जीतेगी। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी सबके सामने है और आज उसी का परिणाम है कि राजस्थान में डबल इंजन की सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दाम कम कर दिए है।

सीपी जोशी उदयपुर के पटेल सर्कल ​स्थित भाजपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोल रहे थे। जोशी की संसदीय सीट चित्तौड़गढ़ से विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या के चुनाव लड़ने की बात पर उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी सीटें भाजपा जीतेगी।

सीपी जोशी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि पहले भी पेट्रोल पंप संचालकों की हड़ताल हुई है लेकिन फैसला तो भजनलाल सरकार ने अपने 75 दिन में कर के बताया। वे बोले कि भाजपा ने जो अपने संकल्प पत्र में कहा उसे पूरा किया है और सारे वादे पूरे होंगे।

जोशी चुनाव की तैयारियों पर बोले कि हमारा कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ लगा है। बूथ स्तर पर भाजपा की तैयारियां आज नहीं पहले से ही चल रही है। मोदी सरकार की गारंटी और उनकी उपलब्धियां जनता तक है। जनता मोदी सरकार के 400 पार का नारा पूरा करेगी और यह जन-जन का नारा है।

इससे पहले यहां पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष का भाजपा प्रदेश महामंत्री और संभाग प्रभारी दामोदर अग्रवाल, सह प्रभारी नाहर सिंह जोधा, शहर जिला अध्यक्ष रवीन्द्र श्रीमाली, देहात अध्यक्ष चन्द्रगुप्त सिंह चौहान, शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, डिप्टी मेयर पारस सिंघवी, भाजपा नेता भंवर सिंह पंवार, गजपाल सिंह राठौड़ आदि ने सीपी का स्वागत किया।

डूंगरपुर-बांसवाड़ा ज़िले की ताज़ा ख़बरों के लिए मेरा सागवाड़ा न्यूज़ से जुड़े रहे! यहाँ पढ़े DungarpurNews & BanswaraNews और पाए Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी।जुड़े रहे हमारे साथ और बने रहे अपडेटेड!

Leave a Comment

error: Content Copy is protected !!