सागवाड़ा। सरोदा थाना क्षेत्र में एक 70 साल की बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म के आरोपी कमलेश उर्फ सुरेश को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने चाकू की नोक पर वारदात को अंजाम दिया था।
थानाधिकारी भुवनेश चौहान ने बताया-घटना 26 सितंबर की है। बुजुर्ग महिला अपनी बेटी के घर जा रही थी। सरोदा बस स्टैंड से पैदल जाते समय पुलिया पर कच्चे रास्ते में एक युवक ने उन्हें रोका। युवक ने रास्ता पूछने के बहाने बुजुर्ग का मुंह दबा दिया और गले पर चाकू रखकर झाड़ियों की ओर ले गया।
वहां उसने महिला से दुष्कर्म किया, उनका मोबाइल और 1500 रुपए छीन लिए। आरोपी ने महिला को किसी को न बताने की धमकी भी दी। बाद में महिला अपनी बेटी के घर पहुंची और आपबीती सुनाई, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक टीम का गठन किया। बांसवाड़ा से फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मुखबिर की सूचना पर आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

