Karnataka Election Results 2023 News: कांग्रेस की जीत के बाद पार्टी नेताओं ने किया शक्ति प्रदर्शन, डीके शिवकुमार के पक्ष में लगे नारे

Karnataka Election Results 2023 News: कांग्रेस की जीत के बाद पार्टी नेताओं ने किया शक्ति प्रदर्शन, डीके शिवकुमार के पक्ष में लगे नारे

HIGHLIGHTS

  • कांग्रेस ने 133 सीटों पर दर्ज की जीत
  • पीएम मोदी ने कांग्रेस को दी बधाई
  • कांग्रेस की जीत के बाद पार्टी नेताओं ने किया शक्ति प्रदर्शन

Karnataka Assembly Election Results 2023 News Updates कर्नाटक विधानसभा के 224 सीटों में से 220 सीटों के नतीजे घोषित हो गए हैं। कांग्रेस ने 135 सीटों पर जीत दर्ज की है और एक सीट पर आगे है। वहीं, भाजपा 65 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है।

कर्नाटक में कांग्रेस की जीत पर पीएम मोदी ने कांग्रेस पार्टी को बधाई दी है। उन्होंने कहा “कर्नाटक विधानसभा चुनाव में जीत के लिए कांग्रेस पार्टी को बधाई। लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए मेरी शुभकामनाएं।”

Karnataka Election Results 2023 News

बसवराज बोम्मई ने सीएम पद से दिया इस्तीफा
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार के बाद कर्नाटक के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बसवराज बोम्मई ने राज्यपाल थावरचंद गहलोत को अपना इस्तीफा सौंप दिया। इस दौरान उन्होंने कहा, “मैंने राज्यपाल से समय मांगा और अपना इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है।”

BJP ने कर्नाटक में किया था बहुत काम
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि जनता के बीच में डबल इंजन की सरकार को वापस बनाने के लिए हमने प्रयास किए। पांच सालों में हमारी सरकार ने कर्नाटक में बहुत काम किया था लेकिन लोकतंत्र में जनता का जो निर्णय होता है उसे स्वीकार करना होता है।

सीएम बोम्मई ने ली कर्नाटक चुनाव में हार की जिम्मेदारी
कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई ने कहा कि मैं हार की जिम्मेदारी ले रहा हूं। उन्होंने कहा, “कर्नाटक चुनाव में हार के कई कारण हैं, राष्ट्रीय पार्टी होने के नाते हम हर चीज का विश्लेषण करेंगे। हम अपने सभी कमियों का भी विश्लेषण करेंगे और हम लोकसभा चुनाव में फिर से वापसी करेंगे।”

लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस जीतती है कर्नाटक विधानसभा चुनाव- हिमंत बिस्वा सरमा
असम के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि हर लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस कर्नाटक में विधानसभा चुनाव जीतती रही है। मुझे लगता है कि आप इसे एक प्रवृत्ति के रूप में देख सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि साल 2014 में कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव जीता और पीएम मोदी संसदीय चुनाव में जीत दर्ज किए।

कांग्रेस को हुआ 56 सीटों का फायदा
केवल पांच फीसद वोटों के अंतर से जेडीएस के हाथ से निकल गईं 18 सीटें

देश में राजनीतिक तौर पर अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रही कांग्रेस के लिए कर्नाटक की 224 सदस्यीय विधानसभा में जीत के कई मायने हैं। आंकड़ों के मुताबिक, मौजूदा स्थिति में जेडीएस को करीब पांच फीसदी वोटों का नुकसान हुआ है और ऐसा माना जा रहा है कि वही पांच फीसदी वोट कांग्रेस के पाले में गए। जिसके चलते पार्टी 2018 के आंकड़ों की तुलना में करीब 56 सीटें ज्यादा जीतने में सफल रही है।

2024 में राहुल गांधी बनेंगे पीएम- सिद्धारमैया
कर्नाटक के नतीजे 2024 लोकसभा चुनावों में रखेंगे कांग्रेस की जीत की नींव: सिद्धारमैया

वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सिद्धारमैया ने कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी की जीत की नींव रखेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि 2024 में राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेंगे।

भाजपा छोड़ कांग्रेस में जाने वाले शेट्टार हारे चुनाव
कर्नाटक के पूर्व सीएम जगदीश शेट्टार हुबली धारवाड़ सेंट्रल सीट से चुनाव हार गए हैं। उन्हें 29 हजार 340 वोट हासिल हुए हैं, जबकि भाजपा प्रत्याशी महेश तेंगिनकाई को 64 हजार 910 वोट हासिल हुए हैं। शेट्टार पहले भाजपा में थे, लेकिन चुनाव से पहले कांग्रेस में शामिल हो गए।

कल होगी कांग्रेस विधायक दल की बैठक
कर्नाटक चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद राज्य के एआईसीसी प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल (CLP) की पहली बैठक कल शाम 5:30 बजे बुलाई गई है।

पूरे देश में हुआ है नई ऊर्जा का संचार- खरगे
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि यह एक बड़ी जीत है। इससे पूरे देश में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है। भाजपा हमें ताना मारती थी और कहती थी कि हम कांग्रेस मुक्त भारत बनाएंगे। अब सच्चाई यह है कि यह भाजपा मुक्त दक्षिण भारत है। उन्होंने आगे कहा कि आप सभी लोगों को इस तरह एकजुट होना चाहिए, तभी हम युद्ध जीत सकते हैं और तभी देश को बचाया जा सकता है। यदि आप हर जगह लोकतांत्रिक सरकार चाहते हैं तो हमें आने वाले चुनावों में बड़ी लड़ाई लड़नी होगी।

36 साल बाद मिली बहुत बड़ी जीत- कांग्रेस अध्यक्ष खरगे
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कर्नाटक चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद कहा कि यह किसी की जीत नहीं है, यह राज्य की जनता की जीत है। उन्होंने आगे कहा कि जनता ने फैसला किया और कांग्रेस को चुना। इसलिए हमें 36 साल बाद 136 सीटें मिलीं। खरगे ने कहा कि अहंकार अधिक समय तक नहीं रहता। यह एक लोकतंत्र है और हमें लोगों की बात सुननी होगी और उन लोगों के सामने सिर झुकाना होगा जो हमें सही रास्ता दिखाते हैं।

कर्नाटक ने रचा इतिहास- सुरजेवाला
कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि कर्नाटक ने इतिहास रच दिया है। आज का दिन एक ऐतिहासिक अवसर है। कर्नाटक ने न केवल लोगों के लिए बल्कि पूरे देश के लिए, लोकतंत्र के लिए एक नया जीवन दिखाया है।

भाजपा लोगों की भलाई के लिए करती रहेगी काम- नड्डा
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा कर्नाटक की जनता के जनादेश को विनम्रता से स्वीकार करती है। उन्होंने कहा, “मैं कर्नाटक भाजपा के मेहनती कार्यकर्ताओं को उनके प्रयासों और हमारी दृष्टि में विश्वास दिखाने वाले लोगों के लिए धन्यवाद देता हूं। PM नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा लोगों की भलाई के लिए काम करती रहेगी और सक्रिय रूप से रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाते हुए उनकी आवाज बुलंद करेगी।”

कंग्रेस नेताओं ने किया शक्ति प्रदर्शन
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राज्य पार्टी प्रमुख डीके शिवकुमार और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया सहित कांग्रेस नेताओं ने बेंगलुरू में शक्ति प्रदर्शन किया।

डिके शिवकुमार के पक्ष में लगे नारे
कर्नाटक चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद डिके शिवकुमार, सिद्धारमैया और पार्टी के अन्य नेता बेंगलुरू में पार्टी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान मौके पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य पार्टी अध्यक्ष डीके शिवकुमार के पक्ष में नारे लगाए।

तेजस्वी यादव ने कर्नाटक की जनता को दी बधाई
बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कर्नाटक की जनता को बधाई दी है। उन्होंने कहा, “हम कर्नाटक की जनता को बधाई देना चाहेंगे उन्होंने जिस सरकार को चुना वह देश के हालात को देखते हुए चुना। हमने तो कल ही कह दिया था कि बजरंग बली भाजपा से नाराज़ हैं। दक्षिण भारत में भाजपा खत्म हो गई है। मध्य भारत में चोरी और असंवैधानिक तरीके से भाजपा शासन में है। बंगाल, बिहार, झारखंड में है ही नहीं, अब आने वाले हर चुनाव में भाजपा हारेगी।”

डीके शिवकुमार ने कनकपुरा सीट से दर्ज की जीत
कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने कनकपुरा सीट से JD(S) के बी नागराजू को 1,22,392 मतों से हराया।

डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया ने मल्लिकार्जुन खरगे को किया सम्मानित
कर्नाटक में कांग्रेस की जीत पर पार्टी नेता डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को सम्मानित किया।

फारूक अब्दुल्ला ने कर्नाटक की जनता को दी बधाई
नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने कर्नाटक की जनता को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि मैं कर्नाटक की आवाम को मुबारकबाद देता हूं। उन्होंने नफरत की सियासत को ठुकरा दिया और मोहब्बत की सियासत को अपनाया है।

Karnataka Election 2023: 202 सीटों के नतीजे घोषित
कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस ने 123 सीटों पर जीत हासिल की और 13 सीटों पर आगे चल रही है। भाजपा ने 56 सीटों पर जीत हासिल की और 8 सीटों पर आगे चल रही है। JDS ने 19 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है, जबकि एक सीट पर आगे चल रही है। आयोग के मुताबिक, अब तक 202 सीटों के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं।

अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस को दी जीत की बधाई
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत पर बधाई दी है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा को अब यह महसूस करना चाहिए कि उसकी रणनीति अब काम नहीं करती है।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कर्नाटक की जनता को दी बधाई
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कर्नाटक की जनता को बधाई दी है। उन्होंने कहा, “मैं कर्नाटक की जनता को बधाई देती हूं। उन्होंने पूरे देश में आज ये संदेश दिया है कि वो अपनी समस्याओं की राजनीति चाहते हैं। हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक ने देश को साबित कर दिया है कि ध्यान भटकाने वाली राजनीति नहीं चलेगी।”

पीएम मोदी ने कांग्रेस को दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस पार्टी की जीत पर बधाई दी है। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा, “कर्नाटक विधानसभा चुनाव में जीत के लिए कांग्रेस पार्टी को बधाई। लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए मेरी शुभकामनाएं।” एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा कि मैं उन सभी को धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने कर्नाटक चुनाव में हमारा समर्थन किया है। मैं भाजपा कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत की सराहना करता हूं। हम आने वाले समय में और भी अधिक जोश के साथ कर्नाटक की सेवा करेंगे।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कांग्रेस को दी बधाई
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिले स्पष्ट बहुमत पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पार्टी को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि मैं कर्नाटक की जनता, मतदाताओं को सैल्यूट करती हूं और कांग्रेस पार्टी को जीत की बधाई देती हूं। उन्होंने आगे कहा कि अहंकार, दुर्व्यवहार, एजेंसी पॉलिटिक्स के खिलाफ लोगों ने वोट टू नो बीजेपी आह्वान किया। अब छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के चुनाव हैं यहां भी भाजपा को शिकस्त मिलेगी

कांग्रेस ने 96 सीटों पर दर्ज की जीत
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस बढ़त बनाए हुए है। चुनाव आयोग के मुताबिक, कांग्रेस 96 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है, जबकि 40 पर आगे चल रही है। भाजपा 45 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है वहीं, 19 सीटों पर आगे चल रही है। आयोग के मुताबिक अब तक 161 सीटों के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं।

Leave a Comment

error: Content Copy is protected !!
Belly Fat कम करने के लिए सुबह नाश्ते में खाई जा सकती हैं ये चीजे विश्व रक्तदाता दिवस 2023 महत्व शायरी (वर्ल्ड ब्लड डोनर डे) | World blood donor day theme, quotes in hindi CSK won the title for the 5th time in the IPL 2023 final Tata Tiago EV Review: किफायती इलेक्ट्रिक कार मचाएगी तहलका!