डूंगरपुर जिले में लगातार बढ़ रहे साइबर अपराधों के बीच पुलिस सक्रियता के साथ ठगों पर शिकंजा कस रही है। जिले में 2024 के दौरान कुल 130 साइबर ठगी के मामले सामने आए थे, जिनमें 2.30 करोड़ रुपए की ठगी हुई थी। पुलिस ने 29 मामलों में एफआईआर दर्ज करते हुए 28 आरोपियों को गिरफ्तार किया और 42 लाख रुपए की बरामदगी कर पीड़ितों को लौटाए।
एसपी मोनिका सेन ने बताया कि साइबर अपराधी नए-नए तरीकों से आम लोगों की मेहनत की कमाई को निशाना बना रहे हैं। हालांकि, पुलिस समय-समय पर अभियान चलाकर न केवल अपराधियों को गिरफ्तार कर रही है, बल्कि लूटी गई रकम भी बरामद कर रही है।
साल 2025 की अब तक की स्थिति में जिले में 68 साइबर ठगी के मामले सामने आए हैं, जिनमें 52 लाख रुपए की धोखाधड़ी की गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 8 मामलों में एफआईआर दर्ज की है और 52 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों में 31 लाख रुपए की राशि भी बरामद कर पीड़ितों को लौटाई गई है।