सागवाड़ा/ क्षेत्र में लगातार दूसरे-तीसरे दिन शनिवार-रविवार को भी मौसम में ठंडक रही। शनिवार-रविवार अल सुबह भी ठंडी हवा चली। इसके चलते ख़ासकर बिना ऊनी कपड़े पहने दुपहिया वाहन पर बाहर गए लोगों को सर्दी महसूस हुई। साथ ही घरों में भी अधिकांश लोगों ने कूलर, पंखे बंद किए तो कई ने इनकी गति काफी कम कर दी।
इससे लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। न्यूनतम तापमान भी बीते 24 घंटे में नहीं बढ़ा है। वह भी 16 डिग्री सेल्सियस रहा है। इसके चलते आज भी ख़ासकर सुबह ठंडक सा मौसम बना रहा।
उधर, सुबह भी हवा चलने से लोगों को पहले के मुकाबले थोड़ा सर्दी का ज्यादा एहसास हुआ। ऐसे में आज भी लोगों की दिनचर्या बदली सी नजर आई है। हालांकि सूर्योदय के साथ हल्के बादलों के बीच धूप निकली हुई है। धीरे-धीरे जैसे ही धूप में थोड़ी तेजी आई तो बादल खत्म से हो गए। इसी के साथ सर्दी का एहसास कम होता गया।
तापमान में उतार-चढ़ाव से लोग हो रहे बीमार
इस बदले मौसम के चलते लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। कभी रात को कूलर, पंखे चलाने पड़ रहे हैं तो कभी बंद करने पड़ रहे हैं। तापमान में उतार-चढ़ाव से लोग बीमार भी पड़ रहे हैं। खांसी-जुकाम, बुखार की चपेट में आ रहे हैं।
ज्ञात रहे कि मौसम में आए दिन बदलाव हो रहा है। इसके चलते लोगों की दिनचर्या भी बाधित हो रही है। सप्ताह भर से गर्मी का असर बढ़ा हुआ था। फिर गुरुवार रात से ठंडी हवा चलने लगी तो मौसम बदल गया और तापमान में गिरावट आ गई।