सागवाड़ा/ नगर पालिका में चेयरमैन पद को लेकर शहर में अटकलों का बाजार गर्म है। सागवाड़ा नगर पालिका के चेयरमैन नरेंद्र खोड़निया और उपाध्यक्ष मोहम्मद इस्माईल घांची को राजस्थान सरकार द्वारा निलंबित करने के बाद सरकार की ओर से पालिका अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का मनोनयन होना है, लेकिन गुटबाजी और इसके आगामी चुनावों पर असर को देखते हुए भाजपा फूंक फूंक कर कदम रख रही है।
इसी के चलते करीब एक सप्ताह बीतने के बाद भी अभी तक पार्टी कोई निर्णय नहीं ले पाई है। लेकिन बाजार में चाय की दुकान हो या पान की थड़ी हर जगह इस बात को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं। इधर, भाजपा पार्षदों के बीच भी चेयरमैन पद को लेकर प्रतिस्पर्धा ओर तेज हो गई है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पार्षद अनील सुथार और युवा पार्षद
आशीष गांधी के नाम इस पद के लिए प्रमुखता से लिए जा रहे हैं। पहले भी अनिल सुथार भाजपा के पालिका अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदार थे, उनके नेतृत्व में ही चुनाव लड़ा गया था, यह अलहदा बात है कि भाजपा को बोर्ड बनाने के लिए जरूरी बहुमत नहीं मिल पाया।
ऐसे में भाजपा के स्थानीय नेताओं की पहली पसंद अनील सुथार को ही माना जा रहा है। पालिका में प्रतिपक्ष के नेता हरीशचंद्र सोमपुरा के नाम की भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा है। लेकिन पालिका अध्यक्ष खोड़निया के निलंबन के बाद आरोप प्रत्यारोप के चलते खोड़निया वर्सेज गांधी होने से पार्षद आशीष गांधी के नाम की चर्चा ज्यादा है।
सूत्रों के अनुसार, आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए भाजपा अध्यक्ष नियुक्त करने को लेकर संजीदा है और आननफानन में कोई निर्णय लेना नहीं चाहती है। हालांकि, इसे लेकर अब सागवाड़ा भाजपा में गुटबाजी की स्थिति बनी हुई है, जिससे यह देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी स्थानीय इकाई और शीर्ष नेतृत्व के बीच समन्वय स्थापित कर किसे चेयरमैन पद की कमान सौंपती है।