चांदी की कीमत ने तोड़े सभी रिकॉर्ड : 1 लाख 15 हजार के शिखर पर पहुंची कीमत, सोने की कीमत पहुंची 1 लाख



सागवाड़ा।वैश्विक आर्थिक संकेतकों और घरेलू मांग के चलते कीमती धातुओं की कीमतों में जोरदार उछाल देखने को मिला है। वर्तमान में 24 कैरेट शुद्ध सोना एक बार फिर एक लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गया, जबकि चांदी ने अब तक का सर्वोच्च स्तर छूते हुए 1.15 लाख रुपए प्रति किलो का आंकड़ा पार कर लिया।

पिछले वर्ष अगस्त में चांदी की कीमत लगभग 80,000 रुपए प्रति किलो थी, जबकि अब यह 1,15,000 रुपए के आसपास पहुंच चुकी है। यानि एक साल में चांदी ने करीब 43.75 प्रतिशत का जबरदस्त रिटर्न दिया है। इस अवधि में शेयर बाजार, एफडी और अन्य पारंपरिक निवेश माध्यमों से कहीं अधिक है। निवेशकों की नजर में चांदी अब केवल एक धातु नहीं, बल्कि एक भरोसेमंद संपत्ति बन गई है। वहीं, सोने में भी पिछले वर्ष की तुलना में करीब 18 से 20 प्रतिशत तक का उछाल दर्ज किया गया है।

त्योहारी सीज़न में बढ़ेगी सोने- चाँदी माँग

ये वीडियो भी देखे

बाजार के जानकार यह भी मानते हैं कि यह तेजी सिर्फ रक्षाबंधन तक सीमित नहीं रहने वाली। अभी तारा डूबा हुआ है, इसके बाद शादी-विवाहों का शुभ सीजन शुरू हो जाएगा और फिर नवरात्रि, दशहरा, दीपावली, धनतेरस जैसे बड़े त्योहार भी हैं जिन पर सोने-चांदी की मांग बहुत अधिक रहती है।

ऐसे में कीमतों में और तेजी के संकेत हैं। ज्वैलर्स का मानना है कि अमेरिका और चीन के बीच व्यापार तनाव, डॉलर की कमजोरी, अंतरराष्ट्रीय बैंकों की ओर से सोने-चांदी की खरीद में बढ़ोतरी और तकनीकी क्षेत्रों में चांदी की औद्योगिक मांग (जैसे इलेक्ट्रिक व्हीकल्स और सोलर पैनल्स) ने चांदी को सिर्फ पारंपरिक नहीं, बल्कि औद्योगिक धातु के रूप में भी महत्वपूर्ण बना दिया है।

रक्षाबंधन पर दिखेगा असर

कीमतों में इस बेतहाशा वृद्धि का असर अब त्योहारों पर भी दिखाई देने लगा है। नौ अगस्त को रक्षाबंधन पर्व पर चांदी के दामों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी के चलते इस बार चांदी की राखियों, सिक्कों और उपहार सामग्री की बिक्री प्रभावित हो सकती है। ज्वैलरी कारोबारियों के अनुसार सामान्य बजट में चांदी की राखी खरीदना अब कठिन हो जाएगा।

सतर्कता बरतें निवेशक

आभूषण विक्रेताओं का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में इतनी स्थिर और निरंतर बढ़त चांदी में कभी नहीं देखी गई। ग्रामीण निवेशक पहले से ही चांदी को शुभ और सुरक्षित मानते रहे हैं, लेकिन अब शहरी वर्ग भी इसे लंबी अवधि के निवेश के रूप में अपनाने लगा है।

हालांकि यह भी माना जा रहा है कि मौजूदा तेजी में खरीदारी करते समय सतर्क रहना जरूरी है। कीमतों में अस्थाई गिरावट या मुनाफा वसूली के दौर भी आ सकते हैं, ऐसे में कोई भी निवेश सोच- समझकर और दीर्घकालिक योजना के तहत किया जाना चाहिए।

आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए सोने तथा चांदी के भावों में और तेजी आने की संभावना हैं। निवेश के नजरिए से चांदी ने पिछले एक वर्ष में 43 प्रतिशत से अधिक का रिटर्न दिया है। सोना-चांदी निवेश का एक अच्छा विकल्प हो सकता है।

चांदी और सोने की कीमत 2025
– रजत (सनि) गोवाड़िया, रजत गोवाड़िया ज्वैलर्स, सागवाड़ा

वर्तमान में सोना-चांदी निवेशकों की पहली पसंद बनता जा रहा हैं। कई अन्य कारण भी इन धातुओं में तेजी के हैं। आने वाले समय में सोने-चांदी के भावों में 15 प्रतिशत से अधिक की तेजी देखी जा सकती हैं।

चांदी और सोने की कीमत 2025

प्राशु शाह, एच. केसरीमल ज्वैलर्स, सागवाड़ा

डूंगरपुर-बांसवाड़ा ज़िले की ताज़ा ख़बरों के लिए मेरा सागवाड़ा न्यूज़ से जुड़े रहे! यहाँ पढ़े DungarpurNews & BanswaraNews और पाए Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी। जुड़े रहे हमारे साथ और बने रहे अपडेटेड!

Leave a Comment

error: Content Copy is protected !!