कौन बन सकता है नगरपालिका का नया अध्यक्ष, राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर

सागवाड़ा/नगर पालिका में चेयरमैन पद को लेकर राजनीति गरमा रही है। एक ओर जहां कांग्रेस में ही आरोप प्रत्यारोप का दौर चल रहा है तो वहीं दूसरी ओर नए पालिका अध्यक्ष के मनोनयन को लेकर हलचल तेज हो गई है।

नगर में चर्चा और सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भाजपा पार्षद और भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल सुथार को इस पद के लिए पहली पसंद माना जा रहा है। वहीं कांग्रेस से भाजपा में आए सक्रिय युवा पार्षद आशीष गांधी का नाम भी प्रमुख दावेदार के रूप में उभर रहा है। हालांकि नगरपालिका में प्रतिपक्ष के नेता हरीश चंद्र सोमपुरा के नाम की भी राजनीतिक गलियारों में कहीं न कहीं चर्चा चल रही है।

प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिसमें किसी न किसी कारण से चेयरमेन बदले गए है। इसमें  रावतभाटा, कैथून, रामगंजमंडी और अकलेरा में कांग्रेस के चेयरमैनों को हटाकर भाजपा पार्षदों को चेयरमैन मनोनीत किया गया था। पिछले कई दिनों से जांच और अन्य प्रकरणों के बाद 9 अप्रैल को पालिका अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को निलंबित करने के आदेश के साथ ही सागवाड़ा में एकबार फिर भाजपा पार्षद और पदाधिकारी सक्रिय हो गए हैं।

जिसमें एक ओर भाजपा के युवा नेता अपने युवा पार्षदों को लेकर अपनी गोटियां फिट करने में लगे हैं तो वहीं भाजपा का एक दल नगर की जनता की नब्ज के हिसाब से अध्यक्ष मनोनीत करने के पक्ष में है।

सूत्रों के अनुसार, आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए भाजपा अध्यक्ष पद को लेकर काफी संजीदगी से निर्णय करने पर विचार कर रही है। हालांकि, सागवाड़ा भाजपा में गुटबाजी की स्थिति बनी हुई है, जिससे यह देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी स्थानीय इकाई और शीर्ष नेतृत्व के बीच समन्वय स्थापित कर किसे चेयरमैन पद की कमान सौंपती है।

नगर पालिका सागवाड़ा

डूंगरपुर-बांसवाड़ा ज़िले की ताज़ा ख़बरों के लिए मेरा सागवाड़ा न्यूज़ से जुड़े रहे! यहाँ पढ़े DungarpurNews & BanswaraNews और पाए Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी।जुड़े रहे हमारे साथ और बने रहे अपडेटेड!

Leave a Comment

error: Content Copy is protected !!