बीएपी ने विधानसभा उपचुनाव के लिए नाम घोषित किया, राजस्थान की बागीदौरा सीट पर जय कृष्ण पटेल को प्रत्याशी बनाया, लोकसभा के लिए पहले घोषित हो चुके नाम

भारत आदिवासी पार्टी (BAP) : लोकसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही सियासी हलचल तेज हो गई है। मेवाड़-वागढ़ अंचल में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस को टक्कर देने वाली भारत आदिवासी पार्टी (BAP) ने अब राजस्थान समेत देश के 7 राज्यों में लोकसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। इसके साथ ही पार्टी पदाधिकारियों ने जयपुर में बैठक कर विधानसभा उपचुनाव के प्रत्याशी की घोषणा कर दिए हैं। वहीं, लोकसभा के दोनों उम्मीदवारों की घोषणा पहले ही की जा चुकी है।

बागीदौरा सीट पर विधानसभा उपचुनाव के लिए जय कृष्ण पटेल को टिकट दिया गया है। वहीं, उदयपुर लोकसभा सीट से प्रकाश चंद्र बुझ को उम्मीदवार बनाया गया है। डूंगरपुर-बांसवाड़ा से राजकुमार रोत के नाम की घोषणा पहले ही हो चुकी है।

अध्यक्ष बोले- हमारी पार्टी 2023 में तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी

भारत आदिवासी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहनलाल रौत ने कहा- भारत आदिवासी पार्टी राजस्थान और मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 में तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। ऐसे में लोकसभा चुनाव 2024, राजस्थान विधानसभा उप चुनाव 2024, आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव 2024 में हमारी पार्टी स्वतंत्र रूप से मजबूती के साथ चुनाव लड़ने जा रही हैं। हमारी पार्टी इस बार राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, दादरा नागर हवेली, झारखंड, छत्तीसगढ़ की लगभग 20 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

बीजेपी ने ED के जरिए विपक्ष को कमजोर करने का काम किया

भारत आदिवासी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहनलाल रौत ने कहा- हमारी पार्टी (BAP) भारत की राजनीति में एक नया राजनैतिक आन्दोलन हैं। इसका मुख्य उद्देश्य भारतीय संविधान के दायरे में रहते हुए भारतीय राजनीति में हाशिए पर गए आदिवासियों, मुसलमानों, किसानों, मजदूरों, दलितों, पिछड़ों, और शोषितों की सत्ता – संसाधनों में हिस्सेदारी सुनिश्चित कराना है। उन्होंने कहा कि बीजेपी द्वारा लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। ED के माध्यम से विपक्ष को कमजोर करने का काम किया है।

इस दौरान धरियावाद से विधायक थावरचंद डामोर ने कहा- बीजेपी सरकार द्वारा आदिवासी क्षेत्रों में विकास नहीं किया गया। आदिवासियों की जमीन को लूटने का काम किया जा रहा है। वहीं, पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रोफेसर जितेंद्र मीणा ने कहा कि मणिपुर हिंसा, लद्दाख को अनुसूची 6 में शामिल करने जैसे फैसले बीजेपी की मानसिकता को बताते हैं।

डूंगरपुर-बांसवाड़ा ज़िले की ताज़ा ख़बरों के लिए मेरा सागवाड़ा न्यूज़ से जुड़े रहे! यहाँ पढ़े DungarpurNews & BanswaraNews और पाए Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी।जुड़े रहे हमारे साथ और बने रहे अपडेटेड!

Leave a Comment

error: Content Copy is protected !!