डूंगरपुर/चौरासी थाना पुलिस ने लुटेरी दुल्हन की फर्जी शादी करवाने वाले एक दलाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी 6 महीने से फरार चल रहा था। आरोपी चोरासी थाने का टॉप टेन वांछित है। शादी के 4 घंटे बाद ही दुल्हन फरार हो गई थी।
थानाधिकारी मोहम्मद रिजवान खान ने बताया- 5 नवंबर 2023 को भातू भाई पुत्र कालू भाई रावल निवासी डूंगरा पोस्ट बिछोर फतेहपुरा जिला दाहोद गुजरात ने मामला दर्ज कराया था। रिपोर्ट में बताया- उसकी सगाई भिंडा गांव में नीता बेन नाम की लड़की के साथ हुई थी। बिचौलिया ललित नाम के व्यक्ति ने उसकी सगाई करवाई थी। 28 अक्टूबर को लड़की देखने भिंडा गांव गए थे। लड़की नीता और उन्होंने एक दूसरे को देखने के बाद रजामंदी हो गई। शादी के लिए लड़की वालों ने 2 लाख 20 हजार रुपए मांगे, जिसमें से 1 लाख 20 हजार रुपए शादी के दिन और 1 लाख रुपए शादी के एक माह बाद देना तय हुआ था।
31 अक्टूबर को शादी के लिए एक क्रुजर में 10 से 12 लोग आए थे। शादी की एवज में पहले से तय 1.20 लाख रुपए दिए। शादी होने के बाद शाम 5 बजे वापस जा रहे थे। करावाड़ा के पास दुल्हन ने नए कपड़े लेने की बात कहकर गाड़ी रुकवाई। गाड़ी से नीचे उतरते ही पीछे से आ रही एक अपाची बाइक पर दुल्हन बैठ गई। दुल्हन को लेकर बाइक सवार फरार हो गया। इसी अपाची बाइक को दुल्हन के घर पर भी देखा था। मामले में पुलिस ने दलाल रमेशचंद्र (45) पुत्र जेवरचंद्र जैन निवासी सिपुर थाना सेमारी जिला सलूंबर हाल पत्रकार कॉलोनी डूंगरपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
घटना को लेकर पुलिस ने जांच करते हुए 17 दिसंबर 2023 को लुटेरी दुल्हन यमुना उर्फ नीता डामोर (30) पत्नी रमेश डामोर निवासी पालीसोड़ा फला नानका पुलिस थाना बिछीवाड़ा, बिचौलिया ललित उर्फ टाइगर (25) पुत्र देवीलाल मसार निवासी मसारो की ओबरी पुलिस थाना कल्याणपुर सलूंबर, 19 दिसंबर 2023 को लुटेरी दुल्हन के फर्जी पिता बने रणछोड़लाल (62) पुत्र उदा बरंडा निवासी भिंडा फला तलावड़ी को गिरफ्तार कर लिया था।