सागवाड़ा। सावन मास के पहले दिन शिव मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। विशेषकर जेठोलेश्वर महादेव ओड, गमलेश्वर महादेव सागवाड़ा, भुवनेश्वर महादेव जेठाणा, क्षीरेश्वर महादेव-अंबाड़ा, नीलकंड महादेव भीलुड़ा, सिद्धनाथ महादेव ठाकरड़ा, पंचमुखी महादेव सागवाड़ा सिद्धनाथ (सिद्देश्वर) महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं।
मंदिर परिसरों में ‘बोल बम’, ‘हर-हर महादेव’ और ‘ओम नमः शिवाय’ के जयकारों की गूंज सुनाई दी।
सुबह से शुरू हुई पूजा
सुबह होते ही शिवालयों के कपाट खोले गए। पुजारियों ने विधिवत भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और बेलपत्र अर्पण कर पूजन किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने बारी-बारी से पूजा-अर्चना की। भक्तों ने बेलपत्र, धतूरा, भांग, आक, फल और मिष्ठान अर्पित किए।
कई शिवालयों में दिनभर पूजा-पाठ, भजन-कीर्तन और शिव नाम संकीर्तन का आयोजन होगा। कई मंदिरों में पार्थिव शिवलिंग निर्माण पूजन, शिव पुराण कथा और सामूहिक हवन का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने आहुति देकर भगवान शिव से सुख-समृद्धि की कामना की।