कंपनियों में चल रहा वेरिफिकेशन, स्थानीय लोगों ने की सराहना, अवैध गतिविधियों पर लगेगा अंकुश
सागवाड़ा। पहलगाम की आंतकी घटना के बाद सागवाड़ा उपखण्ड क्षेत्र में अनाधिकृत रूप से रह रहे बाहरी लोगों की पहचान के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए विशेष अभियान शुरू कर दिया है। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह अभियान शुरू किया गया, जिसके तहत शनिवार को जील रेन वेयर कंपनी में कार्यरत बाहरी लोगों का दस्तावेजी सत्यापन किया गया।
सीआई मदनलाल खटीक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कंपनी में पहुंचकर कर्मचारियों की पहचान व दस्तावेजों की जांच की। पुलिस का यह कदम क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
सीआई खटीक ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से कुछ बाहरी लोग व्यापार और रोजगार की आड़ में अवैध रूप से रह रहे हैं, जिन पर गौ-तस्करी, अवैध हथियारों की तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने का संदेह है। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस वेरिफिकेशन अभियान को स्थानीय लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। नागरिकों ने इसे क्षेत्र की सुरक्षा और शांति के लिए आवश्यक कदम बताया है। इधर, स्थानीय विधायक शंकरलाल डेचा, भाजपा प्रदेश मंत्री अनिता कटारा व भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पटेल के नेतृत्व में पूर्व में ज्ञापन देकर ऐसे ही अभियान की मांग की गई थी। ज्ञापन में कहा गया था कि सागवाड़ा और आसपास के गांवों में बाहरी लोग अवैध रूप से रह रहे हैं और कई संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त हैं।
पुलिस प्रशासन ने सभी बाहरी लोगों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपना वेरिफिकेशन करवाएं, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।