जयपुर: राजस्थान सरकार ने 1 अक्टूबर से आमजन से जुड़े कई विभागों की समय-सारणी में बदलाव कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग की नई अधिसूचनाओं के बाद अब अस्पतालों, स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के समय में बड़ा परिवर्तन लागू हो गया है।
अस्पतालों का नया ओपीडी समय
चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग ने आदेश जारी करते हुए बताया कि अब सभी जिला अस्पताल, उप जिला अस्पताल, सैटेलाइट अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी और उप स्वास्थ्य केंद्रों में ओपीडी का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा।
-
राजपत्रित अवकाश वाले दिनों में ओपीडी का समय सुबह 9 से 11 बजे तक होगा।
-
इस बदलाव से मरीजों को डॉक्टर से परामर्श लेने के लिए अधिक समय मिलेगा और भीड़भाड़ कम होगी।
स्कूलों में शीतकालीन समय लागू
शिक्षा विभाग ने शिविरा पंचांग के अनुसार 1 अक्टूबर से शीतकालीन समय लागू कर दिया है।
-
एकल पारी स्कूल: सुबह 10 से शाम 4 बजे तक चलेंगे।
-
दोहरी पारी स्कूल: पहली पारी सुबह 7:30 से 12:30 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 12:30 से शाम 5:30 बजे तक चलेगी।
पिछले तीन सालों से शिक्षा विभाग ने बढ़ती गर्मी के कारण समय परिवर्तन 15 अक्टूबर से लागू किया था, लेकिन इस बार तय तारीख पर ही बदलाव किया गया है।
आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन समय
महिला एवं बाल विकास विभाग के आदेश के अनुसार 1 अक्टूबर से 31 मार्च तक आंगनबाड़ी केंद्र सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित होंगे।