242 मौतें: आग का गोला बना एयर इंडिया का विमान, टाटा समूह ने किया 1-1 करोड़ मुआवजे का ऐलान



अहमदाबाद। गुरुवार को अहमदाबाद एयरपोर्ट से टेक ऑफ करने के कुछ देर बाद एयर इंडिया का लंदन जा रहा विमान मेघानीनगर के पास क्रैश हो गया। एसोसिएटेड प्रेस को पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक ने बताया- ऐसा प्रतीत होता है कि विमान दुर्घटना में कोई भी जीवित नहीं बचा है।

उन्होंने आगे कहा कि चूंकि विमान घनी आबादी वाले आवासीय क्षेत्र में गिरा था, जहां कई कार्यालय भी थे, इसलिए संभावना है कि स्थानीय निवासी भी मारे गए हों। उन्होंने कहा, “हताहतों की सटीक संख्या का पता लगाया जा रहा है। बता दें कि इस विमान में 242 यात्री सवार थे।

टाटा समूह ने किया 1-1 करोड़ मुआवजे का ऐलान

ये वीडियो भी देखे

टाटा समूह ने हादसे पर दुख जताया है। टाटा सन्स के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने हादसे में मरने वाले परिजनों को 1-1 करोड़ रुपये का मुआवजा और बी जे मेडिकल के छात्रावास के निर्माण में सहायता प्रदान करने का ऐलान किया है।

दुर्घटना के कारणों की नहीं हुई पुष्टि

एयरपोर्ट से मेघानीनगर की दूरी 15 किलोमीटर है। अधिकारियों ने दुर्घटना के कारण की पुष्टि नहीं की है। रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने के लिए BSF और NDRF को भी घटनास्थल पर भेजा गया है। क्रैश प्लेन बोइंग का 787 ड्रीमलाइनर बताया जा रहा है, जो 11 साल पुराना था। सूचना सामने आ रही है कि इस प्लेन में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी भी सवार थे। वह लंदन में रहने वाली अपनी बेटी से मिलने जा रहे थे। विजय रूपाणी का बोर्डिंग पास सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

एयर इंडिया ने की हादसे की पुष्टि

एयर इंडिया ने भी दुर्घटना की पुष्टि की है। एयर इंडिया ने ट्विटर हैंडल पर लिखा कि Flight AI171 अहमदाबाद एयरपोर्ट पर दुर्घटना का शिकार हुई है। हम घटना के कारणों का पता लगा रहे हैं। हादसे की जानकारी जल्द ही अपने ट्विटर हैंडल पर साझा करेंगे।

अहमदाबाद हादसे में मेडे कॉल

डीजीसीए के अनुसार, फ्लाइट AI171 के पायलट ने टेकऑफ के तुरंत बाद मेडे कॉल जारी किया, जो संभवतः किसी गंभीर तकनीकी समस्या (जैसे इंजन फेल्योर या नियंत्रण हानि) का संकेत था। हालांकि, इसके बाद ATC से कोई और संपर्क नहीं हो सका, जिससे स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

विमान गिरा डॉक्टरों के हॉस्टल पर

अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद जब क्रैश हुआ तो उसका आगे का हिस्सा एक ब्वॉयज हॉस्टल की छत पर गिरा था। एक वीडियो में देखा जा सकता है कि उस घटना के बाद लोगों की भीड़ लग गई। विमान का एक हिस्सा इमारत की छत पर लैंड कर गया था। यह इमारत बीजे मेडिकल कॉलेज के इंटर्न डॉक्टरों का हॉस्टल है।

राजस्थान के 10 लोग हादसे का शिकार

अहमदाबाद विमान हादसे में राजस्थान का एक पूरा परिवार भी शिकार हो गया। परिवार में कुल पांच लोग शामिल थे। जो लंदन जा रहे थे। अब तक हादसे में राजस्थान के कुल 10 जनों की पुष्टि हो चुकी है। इनमें बांसवाड़ा के पांच, उदयपुर के चार और एक महिला यात्री बालोतरा जिले की रहने वाली है। इन दस लोगों में पांच बच्चे भी है। इनकी अभी तक कोई सूचना नहीं है।

अमित शाह ने व्यक्त किया दुख

इस हादसे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- अहमदाबाद में हुए दुखद विमान हादसे को मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता। आपदा प्रतिक्रिया बलों को तुरंत दुर्घटनास्थल पर भेज दिया गया है। स्थिति का आकलन करने के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गृह मंत्री हर्ष संघवी और अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त से बात की।

डूंगरपुर-बांसवाड़ा ज़िले की ताज़ा ख़बरों के लिए मेरा सागवाड़ा न्यूज़ से जुड़े रहे! यहाँ पढ़े DungarpurNews & BanswaraNews और पाए Latest Rajasthan News हर पल की जानकारी। जुड़े रहे हमारे साथ और बने रहे अपडेटेड!

Leave a Comment

error: Content Copy is protected !!