सागवाड़ा। निकटवर्ती सरोदा गांव में सोमवार को बेणेश्वर धाम के महंत अच्युतानंद महाराज की माताजी कुसुमलता देवी रावल के निधन पर आयोजित पगड़ी रस्म कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ.सतीश पूनिया ने शिरकत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शोक संदेश पढ़ा।
पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सोमवार को सरोदा पहुंचे जहां सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा, पूर्व सांसद कनकमल कटारा, पूर्व प्रदेश महामंत्री सुशील कटारा, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक पटेल सहित कई पदाधिकारियों के साथ सरोदा स्थित सहस्त्र औदीच्य ब्राह्मण समाज धर्मशाला पहुंचे जहां श्रद्धांजलि सभा में महंत अच्युतानंद महाराज से आशीर्वाद लिया।
वही महाराज की माताजी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शोक संदेश पढ़कर सुनाया।कार्यक्रम में पूर्व सांसद कनकमल कटारा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व जिला अध्यक्ष अशोक पटेल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का शोक संदेश पढ़ा। सभा में वक्ताओं ने पूज्य माता के सरल, सौम्य और धर्मपरायण जीवन को याद करते हुए उन्हें संस्कारों की जीवंत प्रतीक बताया।
साथ ही सभी जनप्रतिनिधियों ने महाराज के पिता भारतनंदन रावल, भाई हेमेंद्र रावल व शोक संतप्त परिवार को सांत्वना भी दी। इस मौके पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रभु पंड्या, प्रधान ईश्वरलाल सरपोटा, प्रदीप गामोठ सहित डूंगरपुर, बांसवाड़ा व उदयपुर जिला के कई भक्त मौजूद रहे।