सागवाड़ा/ होली के पहले ही गर्मी का मार्च शुरू हो गया है। बुधवार को दिन का पारा 41 डिग्री पार हो गया। मार्च के पहले पखवाड़े में गर्मी का जोरदार आगाज हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार इस माह के दूसरे पखवाड़े में पारे की चाल और तेज हो सकती है।
दोपहर में सूर्य की तपन से लोगों को तीखी गर्मी का एहसास हुआ। दिन के साथ ही रात का तापमान भी बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।रात का तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आसमान में कहीं-कही हल्के बादल जरूर छितराए थे लेकिन 90 फीसदी आसमान साफ रहा और हवा में हल्की गर्मी का एहसास लोगों को हुआ।
घरों व दुकानों में लोगों को पंखे का सहारा लेना पड़ा। इन दिनों शामें जरूर सुहावनी हो रही हैं। न गर्मी न ठंड। मौसम शाम को सुहावना होने से लोग तालाब किनारे या शहर की विभिन्न स्ट्रीट पर तफरी के लिए निकल पड़ते हैं।
अभी तक लोग रात में स्वेटर आदि का सहारा ले रहे थे लेकिन गर्मी होने से लोगों ने ऊनी कपड़े पहनने बंद कर दिए है। मौसम में बदलाव से आइसक्रीम पार्लरों पर भी भीड़ नजर आई।
